कूलर में पानी भरना पड़ा जानलेवा: करंट की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, परिवार में मातम

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां कूलर में पानी भरने के दौरान करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और क्षेत्र में भी घटना को लेकर दुख का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के तारागढ़ गांव की है। रविवार को महिला अपने घर में रखे कूलर में पानी भर रही थी।  इसी दौरान कूलर में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और महिला उसकी चपेट में आ गई।

करंट का झटका इतना तेज था कि वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की चीख सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कूलर से अलग किया। इसके बाद आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पत्थलगांव ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर घरों में उपयोग होने वाले विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर किया है।