रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 के फाइनल में बिलासपुर बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम कर लिया। गेंदबाजों और बल्लेबाजों के बेहतरीन तालमेल ने बिलासपुर को इस ऐतिहासिक जीत तक पहुंचाया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को 20 ओवर में 8 विकेट पर 160 रन तक सीमित रखा। रायगढ़ की ओर से नयन राजकुमार चौहान ने 41 और संगीत सोनी ने 32 रन बनाए, जबकि दीपक यादव 22 रन बनाकर नाबाद रहे।

बिलासपुर के लिए भारत गोंडवानी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, वहीं वरुण सिंह भूई और मोहित राउत ने 2-2 विकेट हासिल किए। 161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। पवन परनाटे और वीकल्प तिवारी ने 39-39 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि प्रतेक यादव ने सिर्फ 13 गेंदों में 30 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। टीम ने 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। फाइनल में 3 महत्वपूर्ण विकेट लेने वाले भारत गोंडवानी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ बिलासपुर बुल्स ने पहली बार CCPL ट्रॉफी उठाकर नया इतिहास रच दिया।
