तैरना सिखाते वक्त नहर में बहे पिता-बेटी, पिता का शव मिला, बच्ची की तलाश जारी

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तांदुला नहर में हुआ एक दर्दनाक हादसा पूरे क्षेत्र को झकझोर गया है। पीपरछेड़ी गांव के पास नहर में तैरना सिखाने के दौरान पिता और उनकी 12 वर्षीय बेटी तेज बहाव में बह गए। इस हादसे में पिता का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि बच्ची की तलाश अब भी जारी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनपुरी निवासी यमन गंजीर (35) अपनी बेटी पल्लवी गंजीर के साथ नहर में उतरे थे, ताकि उसे तैरना सिखा सकें। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों पानी में बह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों बह चुके थे।

घटना के दौरान एक अन्य बच्ची दामिनी भी पानी की चपेट में आ गई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने समय रहते बचा लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तांदुला और गंगरेल बांध से पानी का बहाव अस्थायी रूप से रोका गया ताकि खोज अभियान में तेजी लाई जा सके। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने पिता यमन गंजीर का शव बरामद कर लिया है। वहीं बच्ची पल्लवी की तलाश लगातार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।