महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा कार्यालय, रायपुर के सात सदस्यीय दल द्वारा आज जिला पंचायत महासमुंद के सभाकक्ष में एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) मॉड्यूल का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली के पंचायत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में राज्य संपरीक्षा कार्यालय के सहायक संचालक कदम सिंह सिदार तथा अधिकारियों यू.के. कोसरिया, सौरभ तिग्गा, सुमित साहू, ज्येष्ठ संपरीक्षक फैजान अहमद ने जिला पंचायत कार्यालय के अशोक चंद्राकर एवं योगेश साहू के साथ मिलकर प्रतिभागियों को एटीआर मॉड्यूल के प्रभावी संचालन की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से एटीआर मॉड्यूल के संचालन, ऑनलाइन प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया तथा उससे जुड़े तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने प्रतिवेदन दर्ज करने की प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों के संधारण, डेटा की शुद्धता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर जानकारी अपलोड करने के संबंध में भी विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि एटीआर मॉड्यूल के माध्यम से पंचायत स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, ऑनलाइन रिपोर्टिंग तथा योजनाओं की प्रगति की प्रभावी समीक्षा संभव होगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मॉड्यूल का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया तथा उनकी जिज्ञासाओं और तकनीकी समस्याओं का समाधान किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि एटीआर मॉड्यूल के नियमित एवं प्रभावी उपयोग से पंचायतों में कार्यों की प्रगति का समयबद्ध ऑनलाइन प्रतिवेदन उपलब्ध होगा, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जवाबदेह बन सकेगी। प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों से मॉड्यूल का नियमित उपयोग करते हुए निर्धारित समय पर ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया।
