तेलंगाना में इलेक्ट्रिक बस और ट्रक की टक्कर, छह लोगों की मौत; 12 घायल

Follow Us

हैदराबाद। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। मृतकों में पांच महिलाएं शामिल हैं। हादसा हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोडाड मंडल क्षेत्र में सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक बस पीछे से ट्रक में जा घुसी। बस में 43 यात्री सवार थे और यह हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, ट्रक में लोहे के भारी खंभे लदे हुए थे। बस के पीछे से ट्रक में टकराते ही लोहे के खंभों को बांधकर रखने वाली जंजीर टूट गई। इसके बाद कई खंभे बस की दाईं ओर जा घुसे।

पुलिस का कहना है कि बस के आगे की ओर बैठे यात्री इन लोहे के खंभों की चपेट में आ गए। इसी वजह से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया है। यह आशंका भी जताई जा रही है कि बस की टक्कर से पहले ट्रक सड़क के डिवाइडर से टकराया होगा। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

हादसे में घायल 12 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को बेहतर उपचार के लिए आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित अस्पताल भेजा गया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।