कीव पर रूसी कहर के बाद यूक्रेन का पलटवार, रूसी रिफाइनरी पर मिसाइल हमला करने का दावा

Follow Us

मॉस्को/कीव। रूस-यूक्रेन युद्ध एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। NATO शिखर सम्मेलन से पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर रातभर मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमला किया। इस हमले में कई लोगों की मौत हुई, जबकि कई अन्य घायल हुए। जवाबी कार्रवाई में यूक्रेन ने दावा किया कि उसने रूस के यारोस्लाव्ल क्षेत्र स्थित एक महत्वपूर्ण तेल रिफाइनरी को मिसाइलों से निशाना बनाया, जिससे वहां भारी नुकसान हुआ और आग लग गई।

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि, यह रिफाइनरी रूस की ईंधन आपूर्ति के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम थी। मंत्रालय ने दावा किया कि रूस की प्रमुख रिफाइनरियों में से कई पहले ही प्रभावित हो चुकी हैं और अब इस हमले से उसकी ईंधन आपूर्ति पर और दबाव बढ़ सकता है।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच करीब 90 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। ट्रंप ने युद्ध समाप्त कराने में सहयोग की पेशकश की, जबकि क्रेमलिन ने बातचीत को सकारात्मक बताया। हालांकि बातचीत के कुछ घंटों बाद ही रूस ने कीव पर नया बड़ा हमला कर दिया, जिससे युद्धविराम की संभावनाएं फिलहाल बेहद कमजोर नजर आ रही हैं।