कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यासकोंगेरा के फरसीपारा में शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी ही मां पर टंगिया से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 से 4 बजे के बीच व्यासकोंगेरा निवासी भीखम उसेंडी शराब पीकर घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसकी अपनी मां बुधयारिन बाई (61 वर्ष) से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखे टंगिया से मां पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को संजीवनी 108 की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
