डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के धार्मिक नगर डोंगरगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वार्ड क्रमांक 24 कश्मीरी पारा में एक युवक ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपनी ही बुजुर्ग दादी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, आरोपी पोता लंबे समय से नशे का आदी था और उसका अपनी दादी से अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि, सोमवार दोपहर उसने अचानक हमला कर दिया और दादी पर धारदार चाकू से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया है। घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस इस मामले में नशे की भूमिका और पारिवारिक विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी का व्यवहार लंबे समय से संदिग्ध था और वह पहले भी हिंसक घटनाओं में शामिल रह चुका है। इस जघन्य हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
