दुर्ग में बारातियों की बस पलटी, 19 घायल; सूचना मिलते ही अरुण वोरा पहुंचे दुर्ग जिला अस्पताल

Follow Us

दुर्ग | दुर्ग जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जब बारात से लौट रही बस बोरी थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार सभी लोग दुर्ग शहर के तितुरडीह के निवासी थे और सभी मड़ियापार से दुर्ग लौट रहे थे। हादसे में कुल 19 लोग घायल हो गए, जिनमें एक बुजुर्ग और एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है.

घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कैजुअल्टी और सर्जिकल वार्ड में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा डॉक्टरों से उपचार संबंधी जानकारी ली।

अरुण वोरा ने कहा, “बारात जैसे खुशी के मौके से लौटते समय इस तरह की दुर्घटना अत्यंत दुखद है। घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। प्रशासन को हादसे के कारणों की जांच कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।सभी वाहन चालकों से भी अपील है कि सावधानी और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं — क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही कई परिवारों की खुशियों को प्रभावित कर सकती है।”

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे तक 19 घायलों को भर्ती किया गया, जिनमें से 4 को कैजुअल्टी वार्ड और 7 को सर्जिकल विंग में रखा गया है। दो गंभीर घायलों—11 वर्षीय भावेश और 45 वर्षीय राजकुमार—को बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया है। इसके अलावा 3 छोटे बच्चों की भी जिला अस्पताल में जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है और वाहन की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।