ड्राइवर ने मालिक को लगाया लाखों का चूना, स्कॉर्पियो लेकर हुआ फरार; तीन साल बाद गुजरात के सूरत से गिरफ्तार

Follow Us

भिलाई । खुर्सीपार थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो वाहन और 2.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हुए आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से प्रार्थी के यहां ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। विश्वास का फायदा उठाकर वह शादी समारोह में जाने का बहाना बनाकर स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया था। साथ ही वाहन के रखरखाव और तकनीकी सुधार के नाम पर भी उसने मालिक से 2.50 लाख रुपये ले लिए थे।

पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार निवासी 53 वर्षीय नरेश कुमार माथुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ड्राइवर राजेश कुमार बिसनोई स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG07 AR0002 चलाता था। 29 नवंबर 2024 को आरोपी शादी कार्यक्रम में जाने की बात कहकर वाहन लेकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके अलावा उसने वाहन के रखरखाव और तकनीकी सुधार के नाम पर नगद व ऑनलाइन माध्यम से कुल 2.50 लाख रुपये प्राप्त कर हड़प लिए।
शिकायत के आधार पर थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 450/2026 के तहत बीएनएस की धारा 316(4) और 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इस दौरान उसकी मोबाइल लोकेशन गुजरात के सूरत शहर में मिली। इसके बाद खुर्सीपार पुलिस की टीम सूरत पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार बिसनोई (31 वर्ष), निवासी कोजा, पुलिस चौकी धोरी मन्ना, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को 19 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फिलहाल स्कॉर्पियो वाहन और धोखाधड़ी से प्राप्त 2.50 लाख रुपये की बरामदगी के संबंध में पूछताछ एवं विवेचना जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी उक्त वाहन और राशि की बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई है। कार्रवाई में खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।