गांजा तस्करी के मामले में फरार सह-आरोपी किशन यादव महासमुंद से गिरफ्तार, छह दिन से तलाश में जुटी थी दुर्ग पुलिस

Follow Us

दुर्ग । मादक पदार्थ गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे सह-आरोपी किशन यादव को दुर्ग पुलिस ने महासमुंद जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम छह दिनों से उसकी तलाश में जुटी थी। मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी एवं मैदानी प्रयासों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, थाना पुलगांव की चौकी अंजोरा में अपराध क्रमांक 1012/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 25(ख) एवं 27(क) में लगभग 2.5 किलोग्राम गांजा के अवैध कारोबार का मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी गुरु लखनलाल गोंड से पूछताछ और जांच के दौरान महासमुंद निवासी किशन यादव की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। नगर पुलिस अधीक्षक देवांश सिंह राठौर के दिशा-निर्देशन में चौकी अंजोरा और थाना पुलगांव की टीम 20 नवंबर को महासमुंद जिले पहुंची। छह दिनों की लगातार पतासाजी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने किशन यादव को पकड़कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को चौकी अंजोरा लाया गया, जहां आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक एवं विवेचक राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अमर सिंह, आरक्षक लक्ष्मण राव, प्रधान आरक्षक अल्फाज खान और सैनिक क्रमांक 320 झन्ना राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।