गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने गौरेला दौरे के दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने बिजली बिलों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर, नशे के अवैध कारोबार, महतारी वंदन योजना और बस्तर में आदिवासियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाए।
बिजली बिलों के मुद्दे पर बैज ने एक उपभोक्ता का बिल दिखाते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में एक महीने का बिजली बिल 33 हजार 710 रुपये आया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आम उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान हैं। बैज ने छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया। महतारी वंदन योजना को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस योजना से राजनीतिक लाभ लिया, लेकिन आम लोगों को इसका अपेक्षित फायदा नहीं मिला।
प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार को लेकर चिंता जताते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कोरबा के एक हालिया वीडियो का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सूखा नशा, अवैध शराब, गांजा, चरस, अफीम और नशीली दवाओं का कारोबार बढ़ रहा है। सीमावर्ती इलाकों से नशीले पदार्थों की तस्करी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से जवाब मांगा। बैज ने कहा कि नशे की गिरफ्त में युवा और बच्चे आ रहे हैं, जिससे परिवारों की चिंता बढ़ रही है।
बस्तर के हालात पर बात करते हुए बैज ने आरोप लगाया कि नक्सलवाद के नाम पर आदिवासियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और उनकी आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में कथित फर्जी मुठभेड़ों और झूठे मुकदमों का भी उल्लेख किया। बैज ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान जांच समिति के माध्यम से 1,300 से अधिक निर्दोष आदिवासियों को जेल से रिहा कराया गया था। उन्होंने कहा कि 25 हजार से अधिक आदिवासियों के खिलाफ दर्ज कथित फर्जी एफआईआर और वारंट के मुद्दे पर कांग्रेस आज भी संघर्ष कर रही है। इसके अलावा उन्होंने बैलाडीला के दो और कांकेर के एक लौह अयस्क डिपॉजिट निजी उद्योगपतियों को सौंपे जाने का आरोप लगाया। अवैध खनन और लकड़ी चोरी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने पूछा कि नक्सलवाद खत्म होने के बाद बस्तर के जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पंजीयन और फंडिंग के स्रोतों पर भी बैज ने सवाल उठाए। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा संघ पर लगाए गए प्रतिबंध का जिक्र किया। कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी प्रतिशोध की राजनीति नहीं की। पार्टी में संगठनात्मक बदलावों पर बैज ने कहा कि सचिवों के प्रभार में किए गए बदलाव से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने बताया कि चुनाव में अभी दो साल का समय है और पार्टी अपनी कार्ययोजना तैयार कर रही है। उचित समय आने पर रणनीति जनता के सामने रखी जाएगी।
