रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर के डूमरतराई स्थित हिमालयन हाइट्स आवासीय परियोजना आम परिवारों के अपने घर के सपने को साकार करने का उदाहरण बन रही है। परियोजना के निवासी जितेंद्र मेहता ने करीब दो वर्ष पहले यहां अपना घर बुक कराया था और अब परिवार के साथ सुविधायुक्त आवास में रहकर अपने फैसले से संतुष्ट हैं।
जितेंद्र मेहता के अनुसार हिमालयन हाइट्स की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन और कनेक्टिविटी है। यहां से रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, मुख्य मार्ग और शॉपिंग मॉल तक पहुंच आसान है। उनका कहना है कि घर खरीदते समय कीमत के साथ आसपास की सुविधाएं और शहर के अन्य हिस्सों से कनेक्टिविटी भी महत्वपूर्ण होती है, जो इस परियोजना में उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि अच्छी लोकेशन पर किफायती दर में घर मिलना उनके परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि है। मेहता के मुताबिक उनके अनुभव में हिमालयन हाइट्स निजी बिल्डरों की परियोजनाओं से किसी तरह कम नहीं है। उन्होंने अपने घर का सपना पूरा होने पर छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। राज्य सरकार की ओर से नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की परियोजनाओं में गुणवत्ता, सुविधाजनक लोकेशन और किफायती दरों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
हिमालयन हाइट्स में रहने वाले जितेंद्र मेहता की संतुष्टि इस बात को रेखांकित करती है कि सुविधायुक्त और बेहतर कनेक्टिविटी वाले आवास परिवारों के जीवन को आसान बनाने के साथ उनके लंबे समय से देखे जा रहे अपने घर के सपने को भी पूरा कर सकते हैं।
