दुर्ग। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने एक ही दिन में तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 5.366 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अपचारी बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 3,990 रुपये नगद, मोबाइल फोन, धारदार हथियार और अन्य सामग्री भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर नेवई, मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।
नेवई थाना क्षेत्र: मौहारी मरोदा स्थित हमर क्लीनिक के पास गोपी राव उर्फ विक्की (36 वर्ष) अपने घर के आंगन में गांजा रखकर बिक्री कर रहा था। पुलिस ने दबिश देकर उसके कब्जे से 1.322 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दर्री डेम में मिला लापता ASI के बेटे का शव, कॉलेज जाने के लिए निकला था घर से; मोबाइल और बाइक गायब
मोहन नगर थाना क्षेत्र: धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी में गांजा बिक्री की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को देखकर मुख्य संदेही राहुल गाड़ा मौके से फरार हो गया। वहीं धनेश्वर मानिकपुरी (19 वर्ष) और दो अपचारी बालकों को पकड़कर उनके कब्जे से 2.028 किलोग्राम गांजा, 2,690 रुपये नगद और मोबाइल फोन जब्त किया गया। फरार संदेही की तलाश की जा रही है।
पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र: हनोदा पेट्रोल पंप के पीछे मानसरोवर कॉलोनी स्थित एक मकान के स्टोर रूम में गांजा छिपाकर बिक्री किए जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। यहां से चैतन्य बाघ उर्फ शिवम (19 वर्ष) और हरिश मुगरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 2.016 किलोग्राम गांजा, 1,300 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन, एक बटनदार धारदार हथियार और अन्य सामग्री जब्त की गई। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के साथ आम्र्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
तीनों कार्रवाई में जब्त गांजे की कुल मात्रा 5.366 किलोग्राम है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अलग-अलग स्थानों पर गांजा रखकर उसकी बिक्री के जरिए अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। सभी प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों अपचारी बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में नेवई, मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाने की पुलिस टीमों के साथ एसीसीयू के जवानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन और भंडारण से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।
