रायपुर। छत्तीसगढ़ में पीवी एप (PV-app) के विरोध में पिछले 40 दिनों से जारी पटवारियों का आंदोलन आखिरकार थम गया है। रविवार, 22 नवंबर को राजस्व पटवारी संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बाद संघ ने यह निर्णय लिया है। पटवारियों के काम पर लौटने से प्रदेश में धान खरीदी से जुड़ी व्यवस्थाओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, पीवी एप के जरिए फसलों के भौतिक सत्यापन के दौरान सामने आ रही तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों को लेकर पटवारी लंबे समय से विरोध कर रहे थे। संघ की प्रमुख मांग इस एप को हटाने की थी। इसी बीच प्रदेश में धान खरीदी शुरू हो गई, जिससे किसानों से जुड़ी व्यवस्थाओं पर हड़ताल का असर पडऩे लगा था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी दो दिन पहले पटवारियों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की थी।
संघ ने रखीं अपनी मांगें
राजस्व पटवारी संघ ने 22 नवंबर को जारी सूचना में हड़ताल स्थगित करने की जानकारी दी। हालांकि, संघ ने सरकार के सामने अपनी मांगें भी रखी हैं। इनमें हड़ताल के दौरान पटवारियों पर की गई निलंबन, ब्रेक इन सर्विस, स्थानांतरण और कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाइयों को शून्य करने की मांग शामिल है। इसके अलावा आंदोलन की पूरी अवधि को कार्य दिवस मानते हुए नियमित वेतन देने, वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति के संबंध में तत्काल आदेश जारी करने की मांग की गई है। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
अरुणाचल में बना भूकंप-रोधी एनडीआरएफ परिसर, आठ राज्यों की एसडीआरएफ को मिलेगा प्रशिक्षण : अमित शाह
वेतन और प्रमोशन के लिए बनेगी समिति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पटवारी संघ का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री निवास पहुंचा था। चर्चा के दौरान संघ ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों के निराकरण के लिए समिति गठित की जाएगी। इस समिति में पटवारी संघ के प्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए जाएंगे। समिति अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर मांगों पर उचित निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी का कार्य जारी है। वहीं चक्रवात के प्रभाव के कारण फसलों का आकलन भी किया जाना है। ऐसी परिस्थितियों में पटवारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनका काम पर लौटना जरूरी है।
दर्री डेम में मिला लापता ASI के बेटे का शव, कॉलेज जाने के लिए निकला था घर से; मोबाइल और बाइक गायब
राजस्व मंत्री और विधायक ने भी दी प्रतिक्रिया
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने पटवारियों की हड़ताल समाप्त होने की जानकारी देते हुए कहा कि आंदोलन अब खत्म हो चुका है। वहीं विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि पटवारी संघ ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखी हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना है और जायज मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है।
करीब 40 दिनों से चल रहे इस आंदोलन के स्थगित होने के बाद अब राजस्व संबंधी कार्यों और धान खरीदी की व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।
