रायपुर। राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने और स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2026 की तैयारियों को पुख्ता करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नगर निगम की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया, जिसके दौरान जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत मेडिकल लाइन में एक कबाड़ी दुकान संचालक द्वारा दुकान के बाहर नाली में कचरा फैलाकर निकासी व्यवस्था अवरुद्ध करते पाया गया। इस लापरवाही पर त्वरित संज्ञान लेते हुए डॉ. पाणीग्रही ने संबंधित कबाड़ी व्यवसायी पर स्थल पर ही 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और भविष्य में दोबारा ऐसी गलती होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान जोन 10 के कार्यपालन अभियंता गजाराम कँवर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा और निगम मुख्यालय के स्वच्छता निरीक्षक गिरीजेश तिवारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही।
कबाड़ की दुकान से नाली जाम: निगम ने लगाया 5 हजार का जुर्माना
