रायपुर। छत्तीसगढ़ कृषि विभाग ने प्रतिष्ठित डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार 2026 के लिए राज्य के पात्र एवं प्रगतिशील किसानों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। चयनित किसान को राज्य स्थापना दिवस (1 नवंबर 2026) के अवसर पर आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए आवेदन पत्र नजदीकी उप संचालक कृषि या वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदक को अधिकतम दो पृष्ठों में अपने कृषि कार्यों की सफलता की कहानी, कृषि गतिविधियों के छायाचित्र तथा आधुनिक या नवाचारी खेती को दर्शाने वाली वीडियो सीडी भी संलग्न करनी होगी।
पात्रता के अनुसार, किसान पिछले कम से कम 10 वर्षों से छत्तीसगढ़ में निरंतर कृषि कार्य कर रहा हो तथा उसकी कुल वार्षिक आय का कम से कम 75 प्रतिशत हिस्सा कृषि गतिविधियों से प्राप्त होता हो। साथ ही आवेदक पर तकाबी, सिंचाई शुल्क या सहकारी बैंकों का कोई कालातीत ऋण बकाया नहीं होना चाहिए।
चयन प्रक्रिया में खेती में नवीन तकनीकों का उपयोग, फसल सघनता, फसल विविधीकरण, समन्वित कृषि प्रणाली, पिछले तीन वर्षों की उत्पादकता, कृषि क्षेत्र में नवाचार, अन्य किसानों को प्रेरित करने के प्रयास तथा भूमि एवं जल संरक्षण के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा।
आवेदनों की जांच विकासखंड, जिला और राज्य स्तर की त्रि-स्तरीय छानबीन प्रक्रिया के तहत की जाएगी। अंतिम चयन राज्य स्तरीय जूरी करेगी, जिसका निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा। योजना और नियमों से संबंधित विस्तृत जानकारी कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
