चार हफ्तों की तेजी थमी, सेंसेक्स-निफ्टी में हल्की गिरावट; वैश्विक तनाव से बाजार पर दबाव

Follow Us

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में लगातार चार सप्ताह की बढ़त के बाद इस हफ्ते मामूली गिरावट देखने को मिली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते निवेशकों का रुख सतर्क रहा। सप्ताह के दौरान निफ्टी में करीब 0.26 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि आखिरी कारोबारी दिन बाजार ने शानदार वापसी की।

शुक्रवार को सेंसेक्स 827 अंक चढ़कर 77,569 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी भी बढ़त के साथ 24,206 अंक पर पहुंचा। बाजार में शुरुआत सकारात्मक रही, लेकिन अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और अमेरिका-ईरान तनाव को लेकर अनिश्चितता ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई। बाद में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक टेक शेयरों में सुधार से बाजार को सहारा मिला।

विशेषज्ञों के मुताबिक, बैंकिंग और आईटी कंपनियों के मजबूत कारोबारी अपडेट ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। इस दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजार में करीब 4,670 करोड़ रुपये का निवेश किया। सेक्टोरल प्रदर्शन में रियल एस्टेट, आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर मजबूत रहे, जबकि मीडिया, एफएमसीजी और केमिकल शेयरों पर दबाव देखा गया। आने वाले समय में निवेशकों की नजर कंपनियों के तिमाही नतीजों, महंगाई के आंकड़ों और वैश्विक आर्थिक नीतियों पर रहेगी।