वॉशिगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का तीन दिवसीय चीन दौरा शानदार कूटनीति और शाही मेहमाननवाजी के साथ संपन्न हो गया है। दोनों महाशक्तियों के बीच रिश्तों की कड़वाहट दूर करने और तनाव कम करने के इरादे से पहुंचे ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ ऐतिहासिक ‘टेंपल ऑफ हेवन’ का दीदार किया। इसके बाद बुधवार शाम को उनके सम्मान में एक भव्य स्टेट डिनर का आयोजन किया गया, जिसमें ट्रंप की मनपसंद ‘बीजिंग रोस्ट डक’, अच्छी तरह पका हुआ बीफ और आइसक्रीम जैसे लजीज व्यंजन परोसे गए।
इस शाही दावत में दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क, एपल के टिम कुक और करीब 17 दिग्गज अमेरिकी कंपनियों के सीईओ भी शामिल हुए। इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात के दौरान भोजन की मेज से लेकर द्विपक्षीय बातचीत तक कई बड़े रणनीतिक और आर्थिक समझौते हुए। ट्रंप ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ईरान को किसी भी तरह के सैन्य उपकरण या हथियार न भेजने पर सहमत हो गए हैं, जो वैश्विक शांति के लिए एक बड़ा कदम है।

इसके साथ ही, अमेरिकी अर्थव्यवस्था और रोजगार को रफ्तार देने वाली एक महा-डील भी फाइनल हुई है। चीन ने अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी बोइंग (Boeing) से पूरे 200 विमान खरीदने पर रजामंदी दे दी है, जबकि कंपनी को सिर्फ 150 विमानों के ऑर्डर की उम्मीद थी। ट्रंप का मानना है कि, चीन के इस विशाल ऑर्डर से अमेरिका में हजारों नई नौकरियों के अवसर पैदा होंगे।
