अंगूठी के दाम को लेकर विवाद, दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमला

Follow Us

बिलासपुर। रतनपुर के भैरव बाबा मंदिर के पास अंगूठी की कीमत को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। तीन युवकों ने मिलकर एक दुकान संचालक पर सरेराह चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, रतनपुर निवासी नूतन तंबोली भैरव बाबा मंदिर के पास प्रसाद और अंगूठियों की दुकान संचालित करते हैं। बुधवार शाम उनकी दुकान पर तीन युवक पहुंचे और अंगूठियां देखने लगे। एक अंगूठी पसंद आने पर उसकी कीमत को लेकर मोलभाव शुरू हुआ, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान नवीन कुमार बैसवाड़े ने चाकू निकालकर नूतन तंबोली पर हमला कर दिया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी नवीन कुमार बैसवाड़े को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

रतनपुर पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।