धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में दोस्तों ने मिलकर एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, 29 जून की रात ग्राम डाही स्थित शीतला मंदिर के पास टॉवर के समीप 8-9 लोग बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुलास मंडावी (35 वर्ष) का एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नशे की हालत में दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई, जिसे मौके पर मौजूद लोग शांत कराने का प्रयास कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि समझाने के बावजूद हुलास मंडावी अन्य लोगों से भी अभद्र व्यवहार करने लगा। इससे नाराज होकर कुछ युवकों ने उसकी हाथ, मुक्कों और डंडों से पिटाई कर दी। इसके बाद एक आरोपी ने बड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने रात में ही सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मौके पर मौजूद लोगों के पास शराब थी, जबकि हुलास के पास शराब नहीं थी। उसने साथियों से शराब मांगी, जिसके बाद उसे शराब पिलाई गई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और घटना ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में करीब आठ लोग शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें दो नाबालिग भी हैं। फिलहाल दो मुख्य आरोपियों की पहचान की गई है, जबकि अन्य को सह-आरोपी माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की बात कही है।
