आसमानी आफत: भीषण गर्मी- हीट स्ट्रोक से 500 से अधिक चमगादड़ों की दर्दनाक मौत, मचा हड़कंप

Follow Us

कांकेर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों आसमान से बरस रही आग ने न सिर्फ इंसानों बल्कि वन्यजीवों का जीना भी मुहाल कर दिया है। प्रदेश में पड़ रही रिकॉर्डतोड़ गर्मी का सबसे खौफनाक असर कांकेर जिले के सरोना गांव में देखने को मिला है, जहां हीट स्ट्रोक (लू) के कारण पिछले दो से चार दिनों के भीतर 500 से अधिक चमगादड़ों की मौत हो गई है। कोरबा के बाद अब कांकेर में हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, पेड़ों पर रहने वाले ये चमगादड़ अचानक से बेहोश होकर जमीन पर गिरने लगे और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। हर दिन सैकड़ों की संख्या में हो रही इन मौतों को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा की भीषण गर्मी और पानी की कमी के कारण चमगादड़ हीट स्ट्रोक का शिकार हो रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कोरबा जिले के पाली विकासखंड में भी इसी तरह सैकड़ों चमगादड़ों की मौत हुई थी। अब कांकेर में मौसम विभाग द्वारा जारी हीटवेव (लू) के अलर्ट ने प्रशासन और पर्यावरण प्रेमियों की चिंता और बढ़ा दी है।

इस जानलेवा गर्मी का असर आम जनजीवन पर भी साफ देखा जा रहा है। जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर और लू की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की तादाद तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों ने लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलने, लगातार पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे हालात और भी गंभीर होने की आशंका है।