मुंबई। टीवी अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ एक बार फिर अस्पताल में भर्ती हुई हैं। उनके पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम ने अपने नए व्लॉग के जरिए प्रशंसकों को दीपिका की सेहत से जुड़ा ताजा अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि दीपिका अपने दूसरे आयरन इन्फ्यूजन (IV Iron Infusion) के लिए अस्पताल पहुंची थीं। व्लॉग में शोएब ने बताया कि दीपिका का आयरन लेवल थोड़ा कम था, इसलिए डॉक्टरों ने उन्हें IV के जरिए आयरन दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार दोनों को अस्पताल में रातभर रुकने की जरूरत नहीं पड़ी। डे-केयर ट्रीटमेंट के बाद दोनों उसी रात घर लौट आए, ताकि अपने बेटे रुहान के साथ समय बिता सकें।
इलाज के दौरान दीपिका को इंजेक्शन लेते हुए आराम करते देखा गया। शोएब ने बताया कि दवा लेने की वजह से उन्हें थोड़ी नींद आ रही थी। वहीं दीपिका ने मुस्कुराते हुए कहा, “सब अच्छा, सब अच्छा,” और बताया कि उन्हें सिर्फ नींद महसूस हो रही है। शोएब ने यह भी बताया कि अब यह इलाज उनके लिए हर 20 से 21 दिन में होने वाली नियमित प्रक्रिया बन गया है। इन्फ्यूजन पूरा होने के बाद दोनों अस्पताल से घर लौटे। शोएब ने कहा कि सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि उन्हें अस्पताल में रुकना नहीं पड़ा और वे रात में ही बेटे रुहान के पास पहुंच गए।
व्लॉग में एक भावुक पल भी देखने को मिला, जब अस्पताल से लौटने के बाद दीपिका की मुलाकात बेटे रुहान से हुई। दीपिका ने बताया कि उन्होंने डॉक्टरों से उन्हें जल्दी डिस्चार्ज करने की गुजारिश की थी क्योंकि रुहान उनके बिना परेशान हो रहा था। गौरतलब है कि लिवर कैंसर का पता चलने और सर्जरी के बाद से दीपिका कक्कड़ का लगातार इलाज चल रहा है। शोएब इब्राहिम समय-समय पर अपने व्लॉग्स के जरिए उनकी सेहत से जुड़ी जानकारी साझा करते रहते हैं, जबकि प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
