शिक्षकों की कमी से नाराज दिव्यांग विद्यार्थी सड़क पर उतरे, महीनों से कर रहे नियुक्ति की मांग

Follow Us

जगदलपुर। बस्तर जिले के आड़ावाल स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों का विरोध सामने आया है। मंगलवार को नाराज विद्यार्थी स्कूल से बाहर निकलकर सड़क पर उतर आए और शिक्षकों की नियुक्ति की मांग करने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से स्कूल प्रबंधन में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि विद्यार्थी पिछले कई महीनों से स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

जानकारी के अनुसार, विद्यार्थियों ने अपनी परेशानी को लेकर पहले भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं होने से उनमें नाराजगी बढ़ती गई। मंगलवार को विद्यार्थियों ने स्कूल छोड़कर सड़क पर अपनी आवाज उठाई। इस दौरान स्कूल के अन्य शिक्षकों ने उन्हें समझाने और वापस कक्षा में ले जाने का प्रयास किया। शिक्षकों की कमी के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात भी सामने आई है। अब विद्यार्थियों की मांग पर प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं और शिक्षकों की नियुक्ति कब तक होती है, इस पर नजर बनी हुई है।