Netflix पर ‘धुरंधर’ का जलवा, दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बनी; CEO ने की तारीफ

Follow Us

मुंबई। रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस के बाद अब ओटीटी पर भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस दो-भाग वाली फिल्म सीरीज ने दुनियाभर के सिनेमाघरों में 3,100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। अब नेटफ्लिक्स के को-CEO टेड सारंडोस ने फिल्म की ग्लोबल लोकप्रियता को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि ‘धुरंधर’ इस साल नेटफ्लिक्स पर दुनिया में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म रही। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म को मिली व्यूअरशिप कई इंग्लिश भाषा की फिल्मों से भी अधिक रही। सारंडोस के मुताबिक, कुल दर्शक संख्या के मामले में केवल अमेरिका और ब्रिटेन का कंटेंट ही इससे आगे रहा। उनके इस बयान के बाद ‘धुरंधर’ की इंटरनेशनल सफलता एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

टेड सारंडोस ने भारतीय कंटेंट की ग्लोबल पहुंच पर बात करते हुए कहा कि शायद भारत को ‘स्क्विड गेम’ या ‘मनी हाइस्ट’ जैसे किसी एक बड़े ग्लोबल मोमेंट का इंतजार करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भारतीय कंटेंट पहले से ही दुनियाभर में दर्शकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने भारत के मजबूत फिल्म निर्माण इतिहास और कहानी कहने की समृद्ध परंपरा को इसकी बड़ी वजह बताया। सारंडोस ने नेटफ्लिक्स की भारतीय सीरीज ‘सेक्रेड गेम्स’ का भी जिक्र किया, जिसने प्लेटफॉर्म के भारत में शुरुआती दौर में अलग तरह की कहानियों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाया था। हालांकि, उनका मानना है कि भारत की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय सफलता फिल्मों के जरिए आने की ज्यादा संभावना है, क्योंकि देश की सिनेमा संस्कृति और फिल्म निर्माण की परंपरा बेहद मजबूत है। ‘धुरंधर’ की ओटीटी सफलता को इसी बढ़ती ग्लोबल स्वीकार्यता की एक बड़ी मिसाल माना जा रहा है।