रायपुर। राजधानी रायपुर में डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, प्रदेश में अच्छी बारिश से किसानों को राहत मिली है, लेकिन कांग्रेस इसे भी स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि, बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव स्वाभाविक है, जिसे प्रशासन तेजी से सामान्य करने में जुटा हुआ है।
डिप्टी सीएम साव ने कहा कि, राज्य सरकार पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है और किसानों सहित आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि, जल जीवन मिशन के तहत ठेकेदारों का भुगतान राज्य और केंद्र की व्यवस्था के अनुसार तेजी से किया जा रहा है और अधिकांश भुगतान पूरा हो चुका है। चिंतन शिविर को लेकर उन्होंने कहा कि, इसमें नीति आयोग, विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से मिले सुझावों का लाभ राज्य की नीतियों में दिखेगा।
प्राकृतिक खेती, पर्यटन विकास और आर्थिक सुधार जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि, विपक्ष सत्ता में रहते हुए भ्रष्टाचार में व्यस्त रहता है और बाहर आने पर केवल आलोचना करता है। मेडिकल कॉलेज और अन्य योजनाओं को लेकर उठाए गए सवालों पर भी उन्होंने कांग्रेस को जवाबदेह ठहराया। मानसून सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि, सरकार पूरी तरह तैयार है और विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए सजग है।
