इंस्टाग्राम रील में जान से मारने की धमकी, फरसा लेकर घूम रहा युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा

Follow Us

कबीरधाम। पंडरिया नगर में धारदार हथियार दिखाकर लोगों को डराने और इंस्टाग्राम रील के जरिए जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार फरसा बरामद किया। मामले में आम्र्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि हेमंत कुमार धावलकर (27), निवासी वार्ड नंबर-3, गोपीबंदपारा पंडरिया, फरसा लेकर नगर क्षेत्र में घूम रहा है। आरोप है कि युवक इंस्टाग्राम पर रील बनाकर पंडरिया आने वाले लोगों को धमकियां भी दे रहा था। सूचना के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा ने टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने कुकदूर रोड स्थित शराब भट्ठी के पास आरोपी को फरसा लहराते और लोगों को धमकाते हुए पकड़ लिया। मौके की कार्रवाई का ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड ई-साक्ष्य मोबाइल एप के जरिए सुरक्षित किया गया।

पुलिस ने हथियार रखने से संबंधित वैध दस्तावेज पेश करने के लिए बीएनएसएस की धारा 94 के तहत नोटिस दिया। आरोपी द्वारा लाइसेंस नहीं होने की जानकारी देने पर फरसा जब्त कर लिया गया। पंडरिया थाने में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज कर आम्र्स एक्ट की धारा 25, 27 और बीएनएस की धारा 351(3) के तहत जांच शुरू की गई है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी अजय सिन्हा के नेतृत्व में की गई, जिसमें प्रशिक्षु उप निरीक्षक झुमेश्वर प्रसाद साहू सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।