रवि किशन के वायरल मीम ट्रेंड पर बेटी रिव्वा ने ली चुटकी, पिता के साथ मजेदार वीडियो हुआ वायरल

Follow Us

मुंबई। अभिनेता और बीजेपी सांसद रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर अपने इंटरव्यू और वायरल क्लिप्स को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। उनकी हर बात और अंदाज पर यूजर्स मीम्स और मजेदार एडिट वीडियो बना रहे हैं। अब उनकी बेटी रिव्वा किशन भी इस ट्रेंड का हिस्सा बन गई हैं। रिव्वा किशन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक मजेदार रील शेयर की है, जिसमें वह अपने पिता रवि किशन के साथ नजर आ रही हैं। वीडियो में रवि किशन एक नकली लाल टेलीफोन बूथ के अंदर खड़े होकर फोन पर बात करने का अभिनय करते दिख रहे हैं। वहीं बाहर खड़ी रिव्वा अपनी बारी का इंतजार करती रहती हैं, लेकिन उनके पिता बूथ से बाहर आने का नाम नहीं लेते।

इस मजेदार वीडियो को रिव्वा ने कैप्शन दिया, “मुझे भी बात करनी थी मां से।” वीडियो में इस्तेमाल किया गया बैकग्राउंड सॉन्ग ‘गुच्ची’ भी यूजर्स का ध्यान खींच रहा है। यह गाना रवि किशन से जुड़े वायरल मीम्स के कारण सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हुआ है। रिव्वा की इस रील को सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। कुछ ही घंटों में वीडियो को लाखों व्यूज मिल चुके हैं। कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने भी मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं।

एक यूजर ने लिखा, “इस गाने के असली मालिक।” वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “जब आप खुद को ट्रेंड फॉलो करने से रोक नहीं पाते।” एक अन्य यूजर ने रवि किशन के वायरल मीम का जिक्र करते हुए लिखा, “अरे रवि किशन को ड्यूटी से जरूरी कॉल आया है, देश बुला रहा है।” बता दें कि रवि किशन हाल ही में बेटी रिव्वा के साथ रियलिटी शो ‘अलायंस’ में नजर आए थे। शो में उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चला और उन्होंने देश सेवा के लिए जाने की बात कहते हुए शो छोड़ दिया था। उनका यह पल सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था और कई मीम्स भी बनाए गए थे।