खैरागढ़। जिले के गंडई थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में चार दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। अज्ञात बदमाश दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, गंडई के नर्मदा चौक स्थित दुकानदार मंगलवार रात रोज की तरह अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो चार दुकानों के ताले टूटे मिले। दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी समेत अन्य सामान गायब था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए।
चोरों ने गायत्री मेडिकल स्टोर, हीरा फैंसी स्टोर, तनु कृषि केंद्र और वर्षा कंप्यूटर सेंटर को निशाना बनाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चारों दुकानों से 30 हजार रुपये से अधिक की नकदी और अन्य सामान चोरी हुआ है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आंकलन दुकानदारों द्वारा किया जा रहा है। घटना का सबसे अहम सुराग सीसीटीवी फुटेज से मिला है। फुटेज में दो से अधिक संदिग्ध युवक देर रात दुकानों के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद वे एक-एक कर दुकानों के ताले तोड़ते और चोरी की वारदात को अंजाम देते नजर आए। पुलिस का मानना है कि वारदात किसी संगठित गिरोह ने अंजाम दी है।
एक ही रात में लगातार चार दुकानों में चोरी की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलने पर गंडई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
