कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक व्यक्ति ने बीच सड़क अपनी पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने उसी चाकू से अपना गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास भी किया। मृतका की पहचान गीता दास (40) और आरोपी की पहचान सुभाष दास (45) के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुभाष की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने महिला पर कई बार चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद कई लोग वीडियो बनाते रहे, हालांकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी के हाथ में चाकू होने के कारण उसे रोक नहीं सके। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों ने वर्ष 2020 में प्रेम विवाह किया था और उनका एक बच्चा भी है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि सुभाष ने अपनी पहली शादी की जानकारी गीता से छिपाई थी। इस सच्चाई का पता चलने के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा था और गीता ज्यादातर समय अपने मायके में रहने लगी थी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
