सीएसएमटी-खड़गपुर समर स्पेशल ट्रेन का एक ट्रिप संचालन, रायपुर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव

Follow Us

रायपुर। ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए सीएसएमटी से खड़गपुर के बीच एकतरफा समर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। इस विशेष ट्रेन का उद्देश्य यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। गाड़ी संख्या 01107 सीएसएमटी-खड़गपुर समर स्पेशल ट्रेन 24 अप्रैल 2026, शुक्रवार को सीएसएमटी से रवाना होगी। यह ट्रेन दूसरे दिन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों गोंदिया, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर होते हुए खड़गपुर पहुंचेगी। समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन सीएसएमटी से सुबह 11:20 बजे प्रस्थान करेगी और रास्ते में दादर, ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, नागपुर सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव देगी। दूसरे दिन तड़के 3:28 बजे गोंदिया, 5:40 बजे दुर्ग, 6:20 बजे रायपुर और 8:05 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद झारसुगुड़ा, राउरकेला, टाटानगर होते हुए तीसरे दिन शाम 7:10 बजे खड़गपुर स्टेशन पहुंचेगी। इस समर स्पेशल ट्रेन में यात्रियों के लिए कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 6 जनरल, 12 स्लीपर, 2 एसी-III और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।