होटल के कमरे में प्रेमी जोड़े के शव मिलने से सनसनी, जहर खाकर आत्महत्या की आशंका

Follow Us

रीवा। जिले में एक होटल के कमरे में प्रेमी जोड़े के शव मिलने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रवि साकेत (25) और काजल उर्फ बिट्टी साकेत (21) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। बताया जा रहा है कि युवती घर से खरीदारी का कहकर निकली थी और बाद में अपने प्रेमी के साथ होटल पहुंची। परिजनों ने बताया कि दोनों बुधवार दोपहर घर से निकले थे। उनके साथ अतुल साकेत नाम का युवक भी था, जिसने उन्हें होटल तक छोड़ा था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। घटना का खुलासा तब हुआ जब होटल स्टाफ ने कमरे का दरवाजा लंबे समय तक नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां दोनों मृत पाए गए। कमरे से शराब और बीयर की बोतलों के साथ एक संदिग्ध जहरीला पदार्थ भी बरामद हुआ है, जिससे आत्महत्या की आशंका और गहरा गई है। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, होटल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच जारी है।