कच्चे तेल में उबाल! क्या 120 डॉलर पहुंचेगा क्रूड, पेट्रोल-डीजल कीमतों पर बढ़ी चिंता

Follow Us

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी देखी जा रही है, जिससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ गई है। मंगलवार को WTI क्रूड 97 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 108 डॉलर के पार पहुंच गया, जिसके बाद 120 डॉलर तक जाने की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता के चलते बाजार में दबाव बना हुआ है। अगर हालात लंबे समय तक ऐसे ही बने रहे, तो क्रूड की कीमतों में और उछाल संभव है, जिसका असर आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है।

विश्लेषकों के मुताबिक, तेल महंगा होने से सिर्फ ईंधन ही नहीं, बल्कि परिवहन, प्लास्टिक, लॉजिस्टिक्स और रोजमर्रा की कई वस्तुओं की लागत भी बढ़ सकती है। इसी वजह से बाजार 120 डॉलर के स्तर पर खास नजर बनाए हुए है। इधर, देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी चर्चा में हैं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में ईंधन दरें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।

हालांकि घरेलू कीमतों में तत्काल बड़े बदलाव नहीं दिखे, लेकिन वैश्विक संकेतों पर नजर रखी जा रही है। उधर, ईरान-अमेरिका तनाव और कूटनीतिक कोशिशों को भी बाजार बारीकी से देख रहा है। अगर भू-राजनीतिक हालात सुधरते हैं तो राहत मिल सकती है, लेकिन फिलहाल क्रूड मार्केट में अस्थिरता बनी हुई है। आने वाले दिनों में कीमतों की दिशा पर सबकी नजर रहेगी।