रायपुर । राजधानी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 15 सितंबर को चोरी, सड़क हादसे, अमानत में खयानत, अवैध शराब, चाकूबाजी और नशीली दवाओं की तस्करी से जुड़े मामले दर्ज किए गए। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, खम्हारडीह, आजाद चौक और कोतवाली क्षेत्र में तीन अलग-अलग मोटरसाइकिल चोरी की शिकायतें सामने आईं। वहीं उरला पुलिस ने नशीली दवा नाइट्रोजेपाम की 183 गोलियां बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
० तीन जगहों से बाइक चोरी
खम्हारडीह थाना क्षेत्र के बीआरआई ग्राउंड, शंकर नगर से 14 सितंबर को एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई। प्रार्थी जगरजाशंकर निषाद की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया। चोरी गई फैशन प्रो मोटरसाइकिल की कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। इसी तरह आजाद चौक थाना क्षेत्र में मंगलम थोक बाजार के सामने आमापारा से होंडा सीबी साइन मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई। प्रार्थी ललित कुमार के मुताबिक बाइक की कीमत करीब 25 हजार रुपए है। कोतवाली थाना क्षेत्र के पीएचई कॉलोनी, पुलिस लाइन में भी पल्सर 220 मोटरसाइकिल चोरी का मामला सामने आया। 13 सितंबर की रात करीब 10.30 बजे चोरी हुई बाइक की कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है।
० आटा बेचकर 1.76 लाख रुपए हड़पने का आरोप
खमतराई थाना में अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक प्रार्थी संकल्प शर्मा ने आरोपी को आटा चक्की चलाने के काम पर रखा था। आरोप है कि आरोपी ने आटा बेचकर प्राप्त 1 लाख 76 हजार 355 रुपए प्रार्थी को नहीं दिए और रकम अपने पास रख ली। पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
० तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत
डीडी नगर थाना क्षेत्र में सरोना शराब भ_ी के पास चरौदा रोड नंबर-1 पर 14 सितंबर की रात सड़क हादसे में 34 वर्षीय उमेश विश्वकर्मा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार अज्ञात वाहन चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार उमेश को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
दिल्ली में छात्रों के लिए बनेंगे 10 हजार हॉस्टल, सत्य निकेतन हादसे के बाद सरकार का बड़ा फैसला
० निर्माणाधीन मकान से बिजली तार चोरी
सरस्वती नगर थाना में निर्माणाधीन मकान से बिजली के तार चोरी करने का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार चोर ने चेता ग्रीन सोसाइटी, गीता नगर-चौबे कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन मकान में प्रवेश कर करीब 10 हजार रुपए कीमत के बिजली तार चोरी कर लिए।
० दो मामलों में 67 पाव देशी शराब जब्त
डीडी नगर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में अवैध शराब बरामद की। महादेव घाट के पास 15 सितंबर को अमन ध्रुव के कब्जे से 32 पाव देशी शराब, जिसकी कीमत 3,200 रुपए बताई गई, जब्त की गई। वहीं तकिया तालाब पार क्षेत्र में ईश्वर साहू के कब्जे से 35 पाव देशी शराब बरामद हुई। इसकी कीमत 3,500 रुपए बताई गई है। दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
० दो थाना क्षेत्रों में चाकू लेकर घूमते आरोपी गिरफ्तार
मौदहापारा थाना क्षेत्र में मरही माता मंदिर के पास एक युवक को कथित तौर पर अवैध चाकू लेकर लोगों को आतंकित करते पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी देवराम बघेल के खिलाफ आम्र्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की। इसी तरह खमतराई थाना पुलिस ने भनपुरी स्थित मियां मार्केट के पीछे एक युवक के कब्जे से चाकू बरामद किया। आरोपी लव साहू के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
० उरला में 183 नाइट्रोजेपाम टैबलेट जब्त
उरला थाना पुलिस ने हीरागार्डन के पास ग्राम अछोली में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवराज ध्रुव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से नाइट्रोजेपाम की 183 टैबलेट बरामद हुईं। मामले में नारकोटिक्स एक्ट की संबंधित धारा के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के साथ तीन अन्य लोगों का भी उल्लेख प्रकरण में किया गया है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
