जगदलपुर। शहर में गौ सम्मान को लेकर अभियान तेज हो गया है। प्रबुद्ध नागरिकों, संत समाज और गौ सेवकों ने एकजुट होकर रैली निकाली और गौवंश को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने की मांग बुलंद की। रैली के बाद तहसील स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, जिसे राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किया गया। अभियान के दौरान गौ तस्करी को गैर-जमानती अपराध घोषित करने और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि, गौ संरक्षण को केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी देखा जाना चाहिए।
ज्ञापन में हर पंचायत में नंदीशाला स्थापित करने, जिले में गौ अभ्यारण्य विकसित करने और स्कूल पाठ्यक्रम में गौ विज्ञान शामिल करने की मांग भी रखी गई। साथ ही प्राकृतिक खेती और जैविक कृषि को बढ़ावा देने के लिए गौ आधारित मॉडल अपनाने पर जोर दिया गया। रैली में शामिल लोगों ने कहा कि, यह अभियान आस्था, परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा मुद्दा है। जगदलपुर में इस पहल को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है। प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।
