रायपुर । छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की धीमी गति को लेकर कांग्रेस ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि खरीदी की मौजूदा रफ्तार किसानों के लिए चिंता का विषय है और इससे निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा होने को लेकर आशंका बनी हुई है। कांग्रेस के मुताबिक प्रदेश में 28 लाख से अधिक किसानों का पंजीयन हुआ है, जबकि अब तक करीब 1 लाख 33 हजार किसानों से ही धान खरीदी की गई है। पार्टी ने दावा किया कि अब तक लगभग 5.35 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया है, जो कुल लक्ष्य 160 लाख मीट्रिक टन का करीब 3.34 प्रतिशत है। इन आंकड़ों के आधार पर कांग्रेस ने खरीदी की गति बढ़ाने की जरूरत बताई है।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ और परिवहन व उठाव की प्रक्रिया में तेजी नहीं लाई गई तो आगे चलकर केंद्रों पर दबाव बढ़ सकता है। उन्होंने धान के भंडारण, मौसम और अन्य कारणों से संभावित नुकसान को लेकर भी चिंता जताई। कांग्रेस ने खरीदी अवधि और शेष लक्ष्य को देखते हुए व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है। कांग्रेस ने धान खरीदी केंद्रों पर किसानों से हमाली और तौल के नाम पर राशि लेने, रकबा कम दिखने, टोकन के मुताबिक पूरी मात्रा में तौल नहीं होने और लिंकिंग के माध्यम से कर्ज कटौती जैसी शिकायतों का भी उल्लेख किया। पार्टी का कहना है कि इन समस्याओं के कारण किसानों को खरीदी प्रक्रिया में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही कांग्रेस ने एग्रीस्टैक पोर्टल और फसल विवरण में विसंगतियों को लेकर भी सवाल उठाए। पार्टी के अनुसार कुछ किसानों के पंजीकृत खसरे और रकबे पोर्टल पर शून्य दिखने तथा फसल विवरण में बदलाव जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे किसानों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस ने सरकार से धान खरीदी प्रक्रिया में तेजी लाने, खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और किसानों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने की मांग की है।
