जागरूकता रैली के बीच बाल विवाह की तैयारी, पुलिस ने रोका

Follow Us

कोरबा। जिले में एक तरफ बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई, वहीं दूसरी तरफ नाबालिग बालिका के विवाह का मामला सामने आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया। सामने आई ये दो तस्वीरें समाज में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता की आवश्यकता को दर्शाती हैं।

बाल विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस पर जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं ने संयुक्त रूप से जागरूकता रैली निकाली। रैली में 500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लेकर बाल विवाह के खिलाफ संदेश दिया। रैली के माध्यम से लोगों को बताया गया कि बाल विवाह न केवल कानूनी अपराध है बल्कि बच्चों के भविष्य के लिए भी घातक है।

कांकेर में 5 इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, हथियार सौंपे

वही मुखबिर से सूचना मिली कि जिले में एक नाबालिग बालिका का विवाह कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और महिला बाल विकास की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने विवाह रुकवाते हुए परिजनों और संबंधित लोगों को बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दी और भविष्य में ऐसा न करने की शपथ दिलाई।

इस संबंध में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस महिला बाल विकास टीम के साथ मौके पर पहुंची और बाल विवाह को रुकवाया गया। परिजनों को समझाइश दी गई है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों के नाम संदेश जारी कर बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध होने के साथ बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास में गंभीर बाधा है। इससे उनके अधिकारों और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के ब्रह्मलीन होने पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने जताया गहरा शोक

कलेक्टर ने बताया कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार का बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और छत्तीसगढ़ शासन का बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम होंगे। उन्होंने सभी वर्गों से इन कार्यक्रमों में भाग लेकर बाल विवाह न करने और इसका दृढ़तापूर्वक विरोध करने की शपथ लेने की अपील की है।