यूपीआई लेनदेन पर चार्ज लगाने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन , प्रदर्शन के दौरान पुतले में लगी आग बुझाने के प्रयास में सिपाही का हाथ झुलसा

Follow Us

भिलाईनगर । यूपीआई लेनदेन पर एमआरडी चार्ज लगाए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने गुरुवार शाम सुपेला के घड़ी चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। पुतले में लगी आग बुझाने के प्रयास में सुपेला थाना में तैनात एक सिपाही का दाहिना हाथ झुलस गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शाम करीब 7 बजे घड़ी चौक सुपेला पहुंचे। इनमें कोसानगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरसिंहनाथ और कैप ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ई. राजू सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूपीआई लेनदेन पर एमआरडी चार्ज लगाए जाने का विरोध करते हुए नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। प्रदर्शन को देखते हुए सुपेला थाना पुलिस का बल मौके पर तैनात था। पुतला दहन के दौरान पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक सिपाही का दाहिना हाथ आग की चपेट में आ गया और वह झुलस गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घायल सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।