रायपुर। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के आयुष पांडेय को उत्तर प्रदेश में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग का करंट प्रभारी नियुक्त किया है। वह राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़ी सोशल मीडिया गतिविधियों के समन्वय में अहम भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस की सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने 27 अगस्त को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
आदेश की प्रति शनिवार को प्राप्त हुई। आदेश के अनुसार आयुष पांडेय के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय संयोजक प्रणव वच्छराजानी को भी उत्तर प्रदेश में चुनाव संबंधी सोशल मीडिया गतिविधियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। (एआईसीसी) के आदेश में संबंधित नेताओं को आवंटित राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़ी सोशल मीडिया गतिविधियों के समन्वय का दायित्व दिया गया है। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
इसे देखते हुए कांग्रेस ने चुनाव से पहले अपने डिजिटल नेटवर्क और सोशल मीडिया अभियान को मजबूत करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के लिए भी सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारियां तय की हैं। उत्तर प्रदेश में वच्छराजानी और पांडेय, उत्तराखंड में संदीप गुप्ता और अक्षत सिंह, पंजाब में अमरजीत सिंह और अभय तिवारी, गोवा में विपिन यादव और अभिषेक महानंदा तथा मणिपुर में सुमित दुबे को जिम्मेदारी दी गई है।
Read more:- लोकपर्व भोजली तिहार पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को दी बधाई
पांडेय इससे पहले भी कांग्रेस के सोशल मीडिया संगठन में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में चुनावी डिजिटल गतिविधियों की जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन में उनकी भूमिका और बढ़ गई है। वह सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस के मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने, चुनावी अभियान को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आगे बढ़ाने तथा पार्टी की ऑनलाइन गतिविधियों के समन्वय का काम संभालेंगे।
