अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़क-पुलों का कलेक्टर नम्रता जैन ने किया निरीक्षण, मरम्मत कार्य में तेजी के निर्देश

Follow Us

450 मिमी से अधिक बारिश से कई मार्ग प्रभावित, प्रशासन ने आवागमन सामान्य करने के लिए शुरू किया सुधार कार्य

नारायणपुर। जिले में एक ही दिन में 450 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होने से कई सड़कों, पुल-पुलियों और अप्रोच मार्गों को नुकसान पहुंचा है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित स्थलों पर मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्य शुरू कर दिया है। कलेक्टर नम्रता जैन ने सोमवार को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130डी के नारायणपुर–कुतुल मार्ग पर किलोमीटर 49.560 स्थित बृहत पुल के डायवर्सन स्थल का निरीक्षण किया। अत्यधिक वर्षा और तेज जलप्रवाह के कारण यह डायवर्सन प्रभावित हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा यहां आवश्यक सुधार एवं पुनर्स्थापन कार्य शुरू कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपलब्ध मशीनरी और संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

जिले के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी सड़कों, पुल-पुलियों और अप्रोच मार्गों की मरम्मत का कार्य तेजी से जारी है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी करने तथा बारिश के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने बताया कि अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है और संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई जारी है, ताकि जल्द से जल्द आवागमन सामान्य हो सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, तहसीलदार सौरभ चौरसिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।