मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में आई मजबूत तेजी का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों के बाजार मूल्यांकन पर साफ दिखाई दिया है। बीते सप्ताह देश की शीर्ष 10 कंपनियों में से 9 के मार्केट कैप में कुल 2.51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 27 से 31 जुलाई के कारोबारी सत्र के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और एलआईसी के बाजार मूल्यांकन में इजाफा हुआ।
वहीं, केवल हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में गिरावट देखने को मिली। सबसे बड़ी बढ़त बजाज फाइनेंस ने दर्ज की। कंपनी का बाजार मूल्यांकन 80,345.97 करोड़ रुपये बढ़कर 7.10 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। इसके बाद भारती एयरटेल का मार्केट कैप 44,959.50 करोड़ रुपये और टीसीएस का 40,414.03 करोड़ रुपये बढ़ा।
देश की सबसे मूल्यवान कंपनी का खिताब अब भी रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास बरकरार है। कंपनी का मार्केट कैप 39,447.35 करोड़ रुपये बढ़कर 17.69 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा एलएंडटी, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, एलआईसी और आईसीआईसीआई बैंक ने भी बढ़त दर्ज की। वहीं, हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 10,326.46 करोड़ रुपये घटकर 4.93 लाख करोड़ रुपये रह गया। सप्ताह के अंत में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही, जबकि भारती एयरटेल और एचडीएफसी बैंक क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
