खैरागढ़। दशहरा और दीपावली के दौरान लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान किराना दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। कलेक्टर और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक के निर्देश पर उप संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने खैरागढ़, छुईखदान, गंडई, नर्मदा, ठेलकाडीह और जालबांधा के प्रतिष्ठानों की जांच की। कार्रवाई में अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पाण्डेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार धृतलहरे और विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।
अभियान के दौरान मिठाई, दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, मसाले और आटे सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 31 नमूने एकत्र किए गए। इनमें 16 विधिक और 15 सर्विलांस नमूने शामिल हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। विभाग ने बताया कि पहले लिए गए नमूनों में अमानक या असुरक्षित पाए गए खाद्य पदार्थों, बिना खाद्य अनुज्ञप्ति या पंजीयन के कारोबार और अन्य नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
विभाग ने नागरिकों से पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदते समय बैच नंबर, पैकिंग और एक्सपायरी तिथि सहित अन्य जरूरी जानकारी जांचने की अपील की है। खाद्य कारोबारियों को भी सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के विक्रय, भंडारण एवं निर्माण के निर्देश दिए गए हैं। कहीं मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थ बिकने का संदेह हो तो हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर सूचना दी जा सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
