कमजोर डॉलर का असर, सोना-चांदी चमके, कीमतों में करीब 1% तक उछाल

Follow Us

मुंबई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोर होते डॉलर और बदलते वैश्विक हालात के बीच सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। घरेलू वायदा बाजार में दोनों कीमती धातुओं ने मजबूत शुरुआत की और करीब एक प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का 5 अगस्त 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1,41,511 रुपये प्रति 10 ग्राम की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 1,42,002 रुपये पर खुला।

सुबह कारोबार के दौरान सोना 403 रुपये यानी 0.28 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,41,914 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी में ज्यादा मजबूती दिखाई दी। 4 सितंबर 2026 का चांदी कॉन्ट्रैक्ट 2,17,198 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 2,17,995 रुपये पर खुला और करीब 0.99 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,19,347 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में तेजी रही। कॉमेक्स पर सोना 0.32 प्रतिशत बढ़कर 4,120 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.24 प्रतिशत चढ़कर 58.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। विशेषज्ञों के अनुसार, डॉलर इंडेक्स में कमजोरी सोने-चांदी की कीमतों को सहारा दे रही है। वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक परिस्थितियों में बदलाव का असर भी बाजार पर दिखाई दे रहा है। कच्चे तेल में कमजोरी के बीच निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी की ओर बढ़ा है।