महुआ पेड़ की छांव में सीएम साय की चौपाल: तेंदूपत्ता संग्राहकों से सीधे संवाद, योजनाओं का लिया फीडबैक

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर प्रवास के दौरान रामानुजनगर क्षेत्र के तेंदूपत्ता संग्रहण फड़ पटना पहुंचकर संग्राहकों के बीच चौपाल लगाई। महुआ पेड़ की छांव में बैठे मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहकों से आत्मीय बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री के आगमन पर संग्राहकों ने तेंदूपत्ता और तेंदू फल से बनी विशेष माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भुलान सिंह मरावी और वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा भी मौजूद रहे।

सीएम साय ने राशन वितरण, पेयजल व्यवस्था, जल जीवन मिशन, शिक्षा और राजस्व मामलों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि के उपयोग को लेकर चर्चा की और कहा कि, सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं समझ रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वनाधारित आजीविका से जुड़े परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए। इस मौके पर संग्राहकों को चरण पादुका भी वितरित की गई। गौरतलब है कि, वर्ष 2026 में तेंदूपत्ता संग्रहण की दर 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा तय की गई है। फड़ पटना में तय लक्ष्य से अधिक तेंदूपत्ता संग्रहण होने से संग्राहकों में उत्साह देखा जा रहा है।