दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत, रोंगटे खड़े कर देने वाला लाइव सीसीटीवी आया सामने

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ मगरलोड थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस पूरी खौफनाक घटना का एक लाइव सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।

मृतक की पहचान अमलीडीह निवासी यशवंत निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे का है जब यशवंत मगरलोड इलाके से अपनी बाइक पर गुजर रहा था। सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अचानक चलती बाइक का संतुलन बिगड़ता है और युवक सड़क पर गिर जाता है। ठीक उसी पल बगल से गुजर रही तेज रफ्तार पिकअप का पहिया युवक के सिर के ऊपर से निकल जाता है, जिससे उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।