रायपुर। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि दोनों राज्यों के बीच हुई चर्चा के बाद मामला केंद्रीय जल आयोग (CWC) की तकनीकी प्रक्रिया में है। जुलाई 2026 में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अधिकारियों की बैठक हुई थी, जिसमें विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए तकनीकी विचार-विमर्श आगे बढ़ाने पर सहमति बनी थी।
ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में सीएम साय ने बताया कि दिल्ली में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री और अधिकारियों के बीच चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि यह विषय सीडब्ल्यूसी को सौंपा गया है और जल्द ही महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है। दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों वाली विस्तारित तकनीकी समिति की बैठक भी जुलाई में हो चुकी है।
ओडिशा दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा वह पुरी में भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की खुशहाली की कामना करेंगे। वहीं, इंदौर में कांग्रेस के छात्र कार्यक्रम को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम साय ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां-जहां राहुल गांधी जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार होता है।
