जशपुर में कक्षा 5वीं-8वीं की परीक्षाएं होंगी डिजिटल, कलेक्टर ने जिला परीक्षा प्रबंधन पोर्टल का किया शुभारंभ

Follow Us

जशपुरनगर। कक्षा 5वीं एवं 8वीं की परीक्षाओं के संचालन को अधिक पारदर्शी, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जशपुर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने डिजिटल पहल की है। कलेक्टर रोहित व्यास ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जशपुर जिला परीक्षा प्रबंधन पोर्टल का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा विकसित educationjashpur.in वेबसाइट के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का ऑनलाइन प्रबंधन किया जा सकेगा। पोर्टल पर विद्यार्थियों और विद्यालयों की जानकारी, परीक्षा केंद्रों का विवरण, परीक्षा प्रबंधन, प्रवेश पत्र, परीक्षा परिणाम तथा आवश्यक रिपोर्ट डिजिटल रूप से तैयार और प्रबंधित की जा सकेंगी।

कलेक्टर व्यास ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पोर्टल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां निर्धारित समय-सीमा में अपडेट की जाएं, ताकि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने परीक्षा संबंधी सभी गतिविधियों को व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगी परीक्षा संबंधी जानकारी डिजिटल पोर्टल के माध्यम से जिला, विकासखंड और विद्यालय स्तर पर परीक्षा संबंधी कार्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। केंद्रीकृत एवं व्यवस्थित डाटा संधारण से परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी और समीक्षा आसान होगी तथा समय की बचत के साथ कार्यकुशलता भी बढ़ेगी।

अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारियों के धरने में शामिल हुए भूपेश बघेल और अरुण वोरा, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में कक्षा 5वीं एवं 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षाओं में शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल होते हैं। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और विद्यालयों से जुड़ी परीक्षा गतिविधियों के बेहतर प्रबंधन के लिए यह पोर्टल उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म साबित होगा। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र कुमार सिन्हा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।