रायपुर। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के दो दिवसीय MSME कॉन्क्लेव 2.0 का सोमवार को राजधानी में शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कार्यक्रम की शुरुआत की। ‘नवाचार एवं सतत औद्योगिक विकास द्वारा MSME का सशक्तिकरण’ विषय पर आयोजित कॉन्क्लेव में 250 से अधिक उद्यमी, नीति-निर्माता और उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए। पहले दिन कारोबार को आसान बनाने, वित्त की उपलब्धता, नई तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और औद्योगिक विकास जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
उद्घाटन सत्र में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छोटे उद्योगों और कार्यशालाओं को राज्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने MSME के लिए बेहतर कानून-व्यवस्था, सड़क संपर्क और समय पर स्वीकृतियां उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि औद्योगिक नीति में MSME को प्रमुख स्थान दिया गया है और बस्तर व सरगुजा सहित प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के उद्यमियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। कॉन्क्लेव में MSME के लिए वित्तपोषण, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, AI के इस्तेमाल और छोटे उद्योगों को बड़े कारोबार में बदलने से जुड़े अनुभवों पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दूसरे दिन MSME से जुड़े पेशेवरों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें टोटल प्रोडक्टिव मेंटेनेंस (TPM) के जरिए मशीनों की कार्यक्षमता बढ़ाने और डाउनटाइम कम करने के उपाय बताए जाएंगे। वहीं ‘काइजेन विद एआई’ सत्र में उत्पादन प्रक्रिया में लगातार सुधार और उत्पादकता बढ़ाने के लिए AI आधारित तकनीकों के इस्तेमाल पर जानकारी दी जाएगी।
