मुंबई। गणपति विसर्जन के दौरान चिराग पासवान और अभिनेता विशाल सिंह बप्पा को विदाई देते हुए भावुक नजर आए। दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे गुलाबी रंग के मैचिंग कुर्ते पहने दिखाई दे रहे हैं। विसर्जन की रस्म के दौरान दोनों भावुक होकर रोते नजर आए। वीडियो में पानी से भरे टैंक में गणपति विसर्जन की रस्म निभाते हुए भी दोनों दिखाई दे रहे हैं।
चिराग पासवान और विशाल सिंह की दोस्ती काफी पुरानी बताई जाती है और दोनों को अक्सर साथ देखा जाता है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके भावुक होने पर सवाल उठाते हुए इसे ओवरएक्टिंग बताया, जबकि कुछ लोगों ने चिराग का समर्थन करते हुए धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की अपील की।
चिराग पासवान राजनीति में आने से पहले फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने 2011 में फिल्म ‘मिले ना मिले हम’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था, जिसमें वह कंगना रनौत के साथ नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने अभिनय छोड़कर राजनीति में कदम रखा। वर्तमान में चिराग पासवान केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हैं। वहीं, विशाल सिंह टीवी अभिनेता हैं और ‘साथ निभाना साथिया’ में जिगर चिराग मोदी के किरदार से पहचान बना चुके हैं।
