धमतरी में समय रहते टला बाल विवाह, बारात पहुंचने के बाद प्रशासन ने रुकवाई शादी

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में प्रशासन की सतर्कता से एक बाल विवाह समय रहते रुकवा दिया गया। मामला कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम चरमुड़िया का है, जहां बारात गांव पहुंच चुकी थी और शादी की रस्में शुरू हो गई थीं। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए विवाह रुकवा दिया। जानकारी के अनुसार, विभाग को सूचना मिली थी कि 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का विवाह सिलौटी गांव के 18 वर्षीय नाबालिग लड़के से कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।

जांच के दौरान दोनों पक्षों को बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों और इसके सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। काफी समझाइश के बाद दोनों परिवार शादी रोकने के लिए तैयार हो गए और विवाह संपन्न नहीं होने दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने लोगों से अपील की है कि बाल विवाह जैसे गैरकानूनी कृत्य से दूर रहें। विभाग ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों या विभाग को दें।